उपायुक्त ने पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का दिया निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जन शिकायत निवारण दिवस पर जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस दौरान 60 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
आवेदनों में बिल्डर की शिकायत, टेंडर में अनियमितता, मंइयां सम्मान योजना का लाभ, ऑनलाइन फ्रॉड, घर खाली कराने का विवाद, निजी विद्यालय की फीस माफी, जमीन विवाद, अनुकंपा नियुक्ति, राशन कार्ड समस्या, सड़क मरम्मती और अतिक्रमण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करें, विशेषकर सार्वजनिक योजनाओं और विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित समाधान किया जाए।

