राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल : जाम भरे दिन बीते रे भैया , चांडिल-धनबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पितकी रेलवे फाटक के जाम से अब लोगों को मुक्ति मिल गई। चांडिल नीमडीह थाना क्षेत्र की सीमा पर बने पितकी रेलवे ओवरब्रिज का शनिवार को रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। उद्घाटन के साथ ही ओवरब्रिज को आम वाहनों के लिए खोल दिया गया।
ओवरब्रिज चालू होने से पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान लगने वाले लंबे जाम से वाहन चालकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से फाटक के बंद होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। ओवरब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन तेज और सुगम होने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
लोकार्पण समारोह के दौरान स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने सांसद संजय सेठ को राउतड़ा स्टेशन क्रॉसिंग मार्ग पर गतिरोधक लगाने समेत स्थानीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की मांग पर विधायक सविता महतो ने एनएचआई और निर्माण संवेदक को राउतड़ा स्टेशन क्रॉसिंग मार्ग पर गतिरोधक लगाने का निर्देश दिया।
विकास कार्यों की महत्वपूर्ण कड़ी : संजय सेठ
रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनहित और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। पितकी रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह जनहित में हो रहे विकास कार्यों की महत्वपूर्ण कड़ी है।
ईचागढ़ के लिए स्वर्णिम दिन : सविता
विधायक सविता महतो ने कहा कि 22 अगस्त ईचागढ़वासियों के लिए स्वर्णिम दिन है। अब पितकी फाटक पर जाम के दिन गए। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज के शुरू होने से लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, भाजपा नेता कुलदीप उर्फ बंटी भाटिया , वरिष्ठ नेता पप्पू वर्मा, सारथी महतो, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, विशाल चौधरी, अशोक चौधरी, श्रवण महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

