राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने शुक्रवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, कुकड़ू का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, विभिन्न विभागों के कक्षों, अभिलेखों एवं पंजियों के रख-रखाव, कर्मियों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जन शिकायतों एवं लंबित आवेदनों के निष्पादन की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। अपर उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि उदासीनता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्यालयों में पारदर्शिता, स्वच्छता, बेहतर जनसुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने और शत-प्रतिशत लाभुक आच्छादन सुनिश्चित करने के लिए नियमित अनुश्रवण एवं जनसंपर्क गतिविधियों को मजबूत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री बखला, अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

