राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर कांड्रा टोल प्लाजा के पास ट्रैफिक पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी लेते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों का चालान काटा। वहीं ब्रेथ एनालाइजर मशीन से चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी नजर रखी गई। जांच के दौरान पकड़े गए दोषी चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यह विशेष अभियान पिछले एक सप्ताह से लगातार चलाया जा रहा है और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने आम लोगों से सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

