राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) तथा नीमडीह थाना अंतर्गत मौजा सिरका में संचालित ईंट भट्टा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्टा इकाइयों में मिट्टी खनिज का उत्खनन और भंडारण पाया गया, जबकि कुलुपटांगा में एक इकाई बंद मिली। विभाग ने संचालित दोनों इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार नोटिस एवं मांगपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा संचालक द्वारा कार्यालय में राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

