पूंजीडूंगरी में महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का अनावरण
*पूर्व सांसद सुमन महतो ने मैथिली साहित्य और संस्कृति में उनके योगदान को किया याद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
जगन्नाथपुर पंचायत के पूंजीडूंगरी, देवनागरी स्थित श्रीश्री सार्वजनिक नव दुर्गापूजा समिति मंदिर परिसर में गुरुवार को मैथिली के महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सुमन महतो सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इससे पहले पंडित बद्री नारायण झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल कुमार झा ने की। मौके पर उद्यमी एसएन ठाकुर, अरुणा मिश्रा, वाईके मल्लिक, आकाश मिश्रा और शिवचंद्र झा सहित मंदिर समिति के सदस्य व बड़ी संख्या में मिथिलावासी उपस्थित थे।
सुमन महतो ने कहा कि महाकवि विद्यापति मैथिली साहित्य के प्रमुख स्तंभ और मिथिलांचल की सांस्कृतिक पहचान हैं। उनकी रचनाओं में भक्ति, प्रेम, लोकजीवन और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर समन्वय मिलता है। मैथिली भाषा और संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

