ओसीएल कर्मचारियों को 13.5% बोनस, मेडिक्लेम सुविधा पर भी बनी सहमति
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
ओसीएल आयरन एंड स्टील, रतनपुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस को लेकर चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। प्रबंधन और यूनियन के बीच कई दौर की वार्ता के बाद कर्मचारियों को 13.5 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी। इसके साथ ही यूनियन के आग्रह पर कर्मचारियों को मेडिक्लेम सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया।
बोनस समझौता पत्र पर प्रबंधन की ओर से सीओओ सुभाष चंद्रा, निदेशक सूरज सिंह, एचआर महाप्रबंधक एसके सिंह, प्रबंधक नीलांबर मिश्रा और रवि सिंह ने हस्ताक्षर किए। वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राम हांसदा, महामंत्री तपन कुमार मंडल, उपाध्यक्ष राजा टुडू, कोषाध्यक्ष बुद्धेश्वर मंडल, सह-सचिव भीम माझी तथा कमेटी सदस्य बुजलु मंडल, दिलीप हेंब्रम, तपन प्रमाणिक और नारायण टुडू ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद कर्मचारियों ने यूनियन पदाधिकारियों को माला पहनाकर और लड्डू खिलाकर खुशी जताई। यूनियन ने त्योहारों से पहले बोनस पर सहमति बनाने के लिए कंपनी के चेयरमैन और प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

