सोनिया जी, प्रियंका जी! आपके विधायक इतने बेलगाम क्यों ? – सदन में जो अपमान हुआ है वह माफी के लायक नहीं…
देवानंद सिंह
कर्नाटक विधानसभा में महिलाओं पर कर्नाटक कांग्रेस के विधायक केआर रमेश कुमार ने दुष्कर्म पर जो बयान दिया, उसने न केवल सभी को शर्मसार किया, बल्कि एक पुरुष की महिलाओं के प्रति घिनौनी सोच को भी प्रदर्शित किया है। कोई जनता का प्रतिनिधि महिलाओं के प्रति इतनी खराब सोच कैसे रख सकता है ? यह महिलाओं का ऐसा अपमान है, जो माफी के लायक ही नहीं है। कांग्रेस विधायक द्वारा महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी से केवल विधायक ही सवालों के घेरे में नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी भी सवालों के घेरे में है, क्योंकि पार्टी की मुखिया स्वयं एक महिला है। पार्टी की मुखिया सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी भी उत्तर प्रदेश की प्रभारी हैं। दो महिलाओं के पार्टी में इतने बड़े ओहदे पर होने के बाद भी विधायक ने इस तरह की टिप्पणी कैसे कर ली ? यहां सवाल सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पर भी है कि आखिर आपके पार्टी के विधायक इतने बेलगाम कैसे हो गए ? महिलाओं के प्रति ऐसी गन्दी सोच रखने वाले विधायक के खिलाफ क्या कार्यवाही की जाएगी ? भले ही, विधायक ने माफी मांग ली हो, लेकिन ऐसे विधायक को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। भले ही, भारी विरोध के बाद विधायक ने अपने दिए बयान पर अफसोस जताया, पर ऐसे बयानों पर माफी काफी नहीं है, बर्खास्तगी के साथ ही मुकदमा भी दर्ज किया जाना चाहिए। हालांकि, दिल्ली में एक एनजीओ ने विधायक के बयान पर मुकदमा दर्ज कराया है। पर, इसमें सबसे अधिक यह देखना दिलचस्प होगा कि महिलाओं की हितैषी होने का दावा करने वाली कांग्रेस पार्टी अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्यवाही करती है ?