सितंबर से जिले में लागू होगा स्मार्ट पीडीएस, सिदगोड़ा में पीडीएस संचालकों का प्रशिक्षण संपन्न
फोर-जी नेटवर्क आधारित ई-पॉस मशीन से होगा त्वरित और पारदर्शी राशन वितरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाल, पीला एवं ग्रीन राशन कार्डधारकों को अब पीडीएस दुकानों में राशन लेने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पूर्वी सिंहभूम जिले में सितंबर माह से स्मार्ट पीडीएस प्रणाली लागू की जा रही है। इसके तहत सभी जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों की ई-पॉस मशीनें टू-जी से अपग्रेड होकर फोर-जी नेटवर्क आधारित होंगी।

इसी क्रम में टाउन हॉल, सिदगोड़ा में अनुभाजन क्षेत्र के पीडीएस संचालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्री राहुल जी आनंद और प्रशिक्षकों ने संचालकों को नई प्रणाली की कार्यप्रणाली, रखरखाव और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान संचालकों के प्रश्नों और समस्याओं का समाधान भी किया गया।

विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी ने बताया कि फोर-जी आधारित पॉस मशीन से लाभुकों का अंगूठा सत्यापन तुरंत हो जाएगा, जिससे समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी संचालकों से आग्रह किया कि वे लाभुकों को नई व्यवस्था के बारे में अवगत कराएं, ताकि अधिक से अधिक कार्डधारक स्मार्ट पीडीएस का लाभ उठा सकें।


