SIR के बाद छूटे मतदाताओं के पंजीकरण अभियान में तेजी लाने का निर्देश, अटल कलाम भवन में BLO की बैठक
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बुधवार को तेघड़ा प्रखंड स्थित अटल कलाम भवन में मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के उपरांत निर्वाचक सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा युवा एवं प्रथम बार पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए संचालित विशेष अभियान की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, तेघड़ा, रजनीश कुमार ने की।
बैठक में रजनीश कुमार ने BLO को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई ASD सूची में दर्ज मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का वास्तविक सत्यापन सुनिश्चित करें। इसके लिए अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में घर-घर जाकर यह पता लगाएं कि पूर्व में अनुपस्थित अथवा स्थानांतरित मतदाताओं में से कोई व्यक्ति वर्तमान में पुनः संबंधित क्षेत्र में निवास कर रहा है या नहीं। यदि कोई पात्र मतदाता वर्तमान में क्षेत्र में रह रहा है, लेकिन उसका नाम निर्वाचक सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-6 भरवाकर उसका पंजीकरण कराने की कार्रवाई करें।
युवा एवं प्रथम बार पात्र मतदाताओं पर विशेष ध्यान
रजनीश कुमार ने BLO को निर्देशित किया कि मतदान केंद्र क्षेत्र में ऐसे युवा नागरिकों की भी पहचान करें, जो निर्धारित अर्हता प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन अब तक निर्वाचक सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं। ऐसे युवाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों को जागरूक करते हुए उनका नाम निर्वाचक सूची में शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में BLO को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं का सत्यापन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करें। किए गए सत्यापन, प्राप्त आवेदनों तथा पंजीकरण की प्रगति का अद्यतन विवरण संधारित करें। बीएलओ पर्यवेक्षकों के माध्यम से कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि सत्यापन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी हो सके।

