अखिल भारतीय पुलिस टी-20 टूर्नामेंट में एसएसबी के उपकप्तान बने बरौनी के अमन
अभ्यास के लिए भेजे गए; उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
अखिल भारतीय पुलिस टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 के लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम में बरौनी-3 निवासी सब इंस्पेक्टर अमन कुमार का चयन बल्लेबाज और उपकप्तान के रूप में किया गया है। टूर्नामेंट की तैयारी के लिए उन्हें अभ्यास हेतु भेजा गया है। इस उपलब्धि से बरौनी सहित तेघड़ा क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
अमन कुमार बरौनी-3 निवासी रामकुमार सिंह उर्फ आमोद के पुत्र हैं। वे लखनऊ में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस सेवा के साथ क्रिकेट में मिली इस जिम्मेदारी से स्थानीय युवाओं में भी उत्साह है। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि अमन अपने प्रदर्शन से एसएसबी का नाम रोशन करेंगे।
उनके चयन पर संत जोसेफ एकेडमी, रघुनंदनपुर के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार, मुखिया अमलेश कुमार राय, महिला फुटबॉल टीम के कोच संजीव कुमार मुन्ना, बरौनी वॉलीबॉल टीम के सचिव नवीन कुमार सिंह, खेल प्रेमी अनिल कुमार डॉन,सरपंच अरविंद सिंह, बरौनी-1 के मुखिया पंकज सिंह राधे-राधे, बरौनी-2 के मुखिया प्रतिनिधि देवराज सिंह और सेवानिवृत्त सीआरपीएफ कर्मी अमित कुमार सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

