रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे मामले का लगभग पूरी तरह खुलासा हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार काण्ड संख्या 146/2025 के तहत दर्ज इस घटना में 6 सितंबर 2025 की रात वार्ड संख्या-21 स्थित हैदर फैक्ट्री के समीप अपराधियों ने मो. जैद खान उर्फ प्रिंस बच्चा पर जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कपाली ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया था। इसी कड़ी में फरार चल रहे आरोपी राशिद उर्फ मोहम्मद राशिद (करीब 20 वर्ष), निवासी अंसारनगर, डैमडूबी, कपाली को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DX 1765) भी बरामद कर ली गई है, जो इस केस में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आई है। यह पूरी कार्रवाई कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई, जिसमें अनुसंधानकर्ता रंजीत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। कपाली ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

