सरायकेला में सड़क हादसों का कहर, एक ही दिन दो युवाओं की मौत
ड्यूटी से लौट रहे 19 वर्षीय शेख तोहिद को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, डांडिया उत्सव में जा रहे छात्र सागर हेंब्रम को ट्रक ने कुचला
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला।
सरायकेला-खरसावां जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवाओं की मौत हो गई। चंद्रपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय शेख तोहिद की जान चली गई, जबकि सरायकेला-राजनगर बाइपास पर एलपीटी ट्रक की चपेट में आने से संत फ्रांसिस स्कूल के छात्र सागर हेंब्रम की मौत हो गई।
*ड्यूटी से लौटते समय हादसा, चालक फरार*
चंद्रपुर के पास गुरुवार शाम करीब सात बजे नारायणपुर निवासी ताहिर अंसारी के पुत्र शेख तोहिद की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बालीगुमा की एक कंपनी में काम करने वाला तोहिद ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक फरार हो गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब आधे घंटे बाद थाना प्रभारी विनय कुमार ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया।
*डांडिया उत्सव में जाने से पहले मौत*
दूसरी घटना सरायकेला-राजनगर बाइपास पर पेट्रोल पंप के समीप हुई। हाड़ी साईं निवासी छात्र सागर हेंब्रम स्कूटी से संत फ्रांसिस स्कूल में आयोजित डांडिया उत्सव में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार एलपीटी ट्रक की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। क्षतिग्रस्त स्कूटी से डांडिया स्टिक मिली। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लगा, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर खुलवाया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
एक ही दिन दो युवाओं की मौत ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दोनों हादसों के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

