एग्रिको पूजा पंडाल का रघुवर दास ने किया उद्घाटन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नारी शक्ति का सम्मान ही समाज की प्रगति का आधार: रघुवर दास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एग्रिको क्लब हाउस में निर्मित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया। मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो, टीएसपीडीएल के जीएम जयदेव चांद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
काल्पनिक थीम पर बने पंडाल में प्लाई की बारीक कारीगरी और सुंदरवन के हुगला पत्तों से निर्मित 16 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है।
समारोह में रघुवर दास ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के बिना समाज एवं राष्ट्र की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने दुर्गा पूजा को शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व बताते हुए कमिटी के प्रयासों की सराहना की। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि धार्मिक आयोजन लोगों को मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
कमिटी के महासचिव भूपेंद्र सिंह के अनुसार, मेले में झूले, विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण होंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है। महासप्तमी, महाष्टमी और महानवमी पर श्रद्धालुओं को विशेष भोग वितरित किया जाएगा।

