सारथी की नई पहल: आत्मनिर्भर महिलाओं और शिक्षित बच्चों की ओर बढ़ता जमशेदपुर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर की सामाजिक संस्था सारथी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल की शुरुआत की है। पूजा अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू इस अभियान के तहत जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई-टेलरिंग, ब्यूटीशियन, ग्रूमिंग, शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को रोजगार से भी जोड़ा जाएगा ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

सोमवार को कदमा स्थित आईएलएस हॉल (रंकिणी मंदिर के पास) में आयोजित प्रेस वार्ता में पूजा अग्रवाल ने बताया कि संस्था झुग्गी बस्तियों के बच्चों को शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य भी कर रही है। बच्चों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ हिंदू संस्कृति की भी समझ दी जा रही है।

ज्ञात हो कि सारथी पूर्व में नदी सफाई, डेंगू फॉगिंग, राशन वितरण और आयुष्मान कार्ड शिविर जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहा है। संस्था का लक्ष्य है — ऐसा समाज बनाना जहां हर महिला और बच्चा आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जी सके। सारथी ने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में जुड़ने और सशक्त भविष्य की दिशा में साथ चलने का आह्वान किया है।


