स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की प्रशासनिक तैयारी पूरी
खोदावंदपुर में दो मतदान केंद्रों पर होगा मतदान,
स्नातक के 1052 और शिक्षक क्षेत्र के 71 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर खोदावंदपुर प्रखंड में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. शुक्रवार को होने वाले मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए प्रखंड मुख्यालय स्थित दोनों मतदान केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड नियंत्री पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मुख्य द्वार के बाईं ओर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र तथा दाईं ओर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा. खोदावंदपुर प्रखंड में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 1052 मतदाता, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 71 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
40 स्नातक और 13 शिक्षक प्रत्याशी मैदान में:-
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कुल 40 प्रत्याशी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. मतदान के बाद मतगणना 27 अक्टूबर को दरभंगा जिला मुख्यालय में कराई जाएगी. प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गयी है. अब सभी की नजरें मतदान प्रक्रिया और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं.
