समृद्धि यात्रा में बिहार को बड़ी सौगात: CM नीतीश कुमार ने 1,422 करोड़ की विकास योजनाओं का किया शुभारंभ
गया जी/औरंगाबाद, 20 मार्च (भाषा)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत गया जी और औरंगाबाद जिलों में करीब 1,422 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, गया जी जिले में 744 करोड़ रुपये की 673 योजनाओं की शुरुआत की गई। इनमें 367 करोड़ रुपये की लागत से 553 योजनाओं का उद्घाटन और 377 करोड़ रुपये की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। यहां मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण, प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन, सिंचाई परियोजनाएं और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्यों की समीक्षा की।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 13,334 महिलाओं को 609 करोड़ रुपये के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए।
वहीं, औरंगाबाद जिले में करीब 678 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें 123 करोड़ रुपये की 142 योजनाओं का उद्घाटन और 555 करोड़ रुपये की 120 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बारुण नगर पंचायत में ‘जल-जीवन-हरियाली अभियान’ के तहत पेयजल परियोजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया, जिसका उद्देश्य औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम के हजारों घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। इसके अलावा रिंग रोड, नहर निर्माण, ट्रॉमा सेंटर, रिवरफ्रंट विकास और खेल परिसर जैसी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, संतोष कुमार सुमन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
