विश्व पर्यावरण दिवस पर पेड़ों की कटाई से भड़के ग्रामीण, साउथ वेस्ट माइनिंग कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राखा कॉपर क्षेत्र के ऊपर रु वाम गांव में साउथ वेस्ट माइनिंग कंपनी द्वारा बड़ी संख्या में हरे-भरे पेड़ों की कटाई किए जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने आम, महुआ, नीम और पीपल समेत कई वर्षों पुराने छायादार एवं फलदार पेड़ों को कटवा दिया, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंची है।
ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर पूरे विश्व में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। उन्होंने वन विभाग एवं जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा कटे हुए पेड़ों के बदले दोगुने पौधे लगाने की मांग की।
ग्राम प्रधान मुंडा मुर्मू ने आरोप लगाया कि कंपनी ने बिना ग्राम सभा की अनुमति और ग्रामीणों को जानकारी दिए पेड़ों की कटाई कराई है। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार देने के बजाय बाहरी मजदूरों से काम कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने कंपनी पर क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने का भी आरोप लगाया।
वहीं, कंपनी के अधिकारी पांडेय ने कहा कि पेड़ों की कटाई आवश्यक अनुमति के बाद की जा रही है। उन्होंने कहा कि वन विभाग से अलग से आदेश लेने की आवश्यकता नहीं है तथा ग्राम प्रधान और कंपनी के बीच समन्वय की कमी के कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

