आरपीएफ की महिला सिपाही ने बचाई यात्री की जान, मदर्स डे पर बच्चे को मिला सबसे बड़ा तोहफा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की महिला कांस्टेबल साविता गारी ने अपनी सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए एक महिला यात्री की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। यह घटना ट्रेन संख्या 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस के खुलने के दौरान हुई।
मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ कर्मी स्टेशन पर पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक यात्री अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ जल्दबाजी में ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। संतुलन बिगड़ने से महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप में गिर गई और चलती ट्रेन के साथ घसीटने लगी।
ड्यूटी पर तैनात लेडी कांस्टेबल साविता गारी ने तत्काल महिला को पकड़ लिया और ट्रेन रुकने तक मजबूती से थामे रखा। उनकी त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से महिला की जान बच गई। मदर्स डे के अवसर पर यह घटना महिला के बच्चे के लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं रही।

