पूर्वी सिंहभूम में वैध बालू उठाव का रास्ता साफ, परिवहन चालान जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के दो प्रमुख बालू घाटों को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद से ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ (CTO) मिलने के बाद जिला खनन कार्यालय ने परिवहन चालान जारी कर दिया है। इसके साथ ही जिले में वैध तरीके से बालू उठाव का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है।
अनुमति प्राप्त घाटों में कोरिया मोहनपाल बालू घाट तथा कोरिया मोहनपाल-स्वर्णरेखा बालू घाट शामिल हैं। इन घाटों से वैध बालू उठाव शुरू होने पर राज्य सरकार को करीब 20 करोड़ रुपये के खनन राजस्व की प्राप्ति होने की उम्मीद है।
प्रशासन का मानना है कि वैध चालान व्यवस्था लागू होने से अवैध बालू खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही आम लोगों और निर्माण कार्यों के लिए बालू की उपलब्धता आसान होगी, जिससे सरकारी एवं निजी विकास परियोजनाओं को भी गति मिलेगी।

