सेवा का अधिकार सप्ताह: 25 पंचायतों व 4 नगर निकायों में लगे शिविरों में अब तक 20,209 आवेदन
नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने की बड़ी पहल, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत मंगलवार को 25 पंचायतों और सभी चार नगर निकाय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
शिविरों में पहुंचे विधायकगण और पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और आगामी शिविरों में भी अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर पात्र नागरिक तक सेवाएं समयबद्ध तरीके से पहुंचें।
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों व बीडीओ-सीओ को निर्देश दिया है कि राइट टू सर्विस के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

