ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए निजी खर्च से कराया जा रहा तत्काल मरम्मत कार्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल बारिश के कारण बदहाल हुई ईचगढ़ के कुलटांड़ की जर्जर सड़क की मरम्मत का काम विधायक सविता महतो की पहल पर शुरू हो गया है। विधायक अपने निजी खर्च से फिलहाल सड़क की मरम्मत करा रही हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से तत्काल राहत मिल सके।
लावा चुनिडीह केनाल से कुलटांड़, तिरुलडीह-2 (चिपड़ी), टीकर समेत आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से खराब थी। लगातार बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ हो जाने से पैदल चलने के साथ वाहनों के आवागमन में भी ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने तत्काल सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। वहीं, लावा केनाल से कुलटांड़ तक स्थायी सड़क निर्माण को लेकर भी पहल तेज कर दी गई है। जल्द ही सड़क निर्माण का शिलान्यास किए जाने की बात कही गई है। स्थायी सड़क बनने से कुलटांड़, तिरुलडीह-2 (चिपड़ी), टीकर सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो के प्रति आभार जताया। मरम्मत कार्य को गति देने में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो की विशेष भूमिका रही। मौके पर निताई उरांव, सचिव अमित सिन्हा, स्वपन आदित्यदेव, कन्हाई लाल बेसरा, राणा प्रताप महतो, हरेन्द्र नाथ महतो, लखन मांझी, राईशेन मांझी समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

