1 सितम्बर से बंद रहेंगे जनवितरण की दुकानें : फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, जिला कमिटी ने घोषणा की है कि जिले के लगभग 1432 जनवितरण प्रणाली दुकानदार एवं महिला समूह समिति 1 सितम्बर 2025 से दुकान बंद रखेंगे।

संघ का आरोप है कि NFSA और JFSA के तहत निःशुल्क राशन वितरण पर दिसंबर 2023 से अब तक का कमिशन बकाया है। इसके कारण दुकानदार और उनके परिवार आर्थिक संकट व भुखमरी की कगार पर पहुँच चुके हैं।

संघ ने कई बार जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर भुगतान की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया कमिशन का भुगतान नहीं होता, तब तक ग्रीन राशन, चना दाल और नमक का उठाव व वितरण बंद रहेगा।

डीलर्स ने नौ सूत्री मांगें रखी हैं, जिनमें प्रमुख हैं—
NFSA व JFSA का बकाया कमिशन शीघ्र भुगतान दुकानदार परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा सुविधा ई-पॉस मशीन की रिपेयरिंग लागत सरकार द्वारा वहन 2G की जगह 5G ई-पॉस मशीन उपलब्ध कराना दुकानदारों को ₹30,000 मानदेय या ₹10,000 प्रोत्साहन राशि देना प्रति क्विंटल कमिशन ₹150 से बढ़ाकर ₹300 करना

संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सितंबर माह से पूर्व उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दुकानें अनिश्चितकालीन बंद रहेंगी और इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी सरकार व आपूर्ति विभाग की होगी।


