सड़क की दुर्दशा पर आजसू का अनोखा विरोध, सरकार को चेतावनी
लुवाबासा में पानी भरी सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध, सुधार नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने छोटा गोविंदपुर-चांदनी चौक रोड में लुवाबासा के पास जर्जर सड़क की स्थिति को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पानी से भरी सड़क पर धान की रोपनी कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित है और आमजन जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं।

जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आजसू पार्टी सड़कों पर हल चलाकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस विरोध प्रदर्शन में संजय मलाकार, अप्पू तिवारी, अमल महतो, श्रवण सिंह सरदार, मंजू राज, मृत्युंजय सिंह, संगीता सिंह, पुष्पा देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।


