
कृष्ण पर आपत्ति जनक टिप्पणी, राम का करेंगे गुणगान
राष्ट्र संवाद ब्यूरो
लखनऊ l प्रतापगढ़ के कुंडा के राजा के आँगन मे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 16 नवंबर को पधार रहे हैं l प्रतापगढ़ के विधायक राजा भैया के महल के पास वे राम कथा पर 17 से 20 नवंबर तक प्रवचन करेंगे lआयोजन को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कथा के लिए जर्मन हैंगर तकनीक से विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है। राजा भैया की पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से जुटे हुए हैं।
हालांकि, इस धार्मिक आयोजन से पहले आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। भगवान श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कई राजनीतिक और सामाजिक संगठन उनके विरोध में उतर आए हैं। इसी मुद्दे पर मध्य प्रदेश में भी उनके प्रवचन के दौरान जमकर हंगामा हो चुका हैं l
ऐसे माहौल में प्रतापगढ़ में होने वाली श्रीराम कथा पर भी लोगों की निगाहें रहेंगी। एक ओर आयोजक भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर आचार्य के हालिया विवादित बयान को लेकर विरोध की स्थिति आयोजन के लिए चुनौती बन सकती है।

