
खबर 4
भाजपा की लोकतंत्र बचाओ यात्रा दरअसल योगी सरकार के खिलाफ : आराधना मिश्रा
राष्ट्र संवाद ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि यह यात्रा वास्तव में भाजपा से लोकतंत्र बचाने के लिए निकाली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर करोड़ों मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। भाजपा की यह यात्रा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में निकाली जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मिश्रा ने कहा कि यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गोरखपुर, पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बरेली तथा कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान लखनऊ में शामिल हुए। गृह मंत्री अमित शाह भी हैदराबाद और करनाल में इस अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के पीछे नरेंद्र मोदी और अमित शाह हैं तथा इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की सत्ता में बदलाव की राजनीतिक रणनीति से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है। मिश्रा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है। उन्होंने एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम कटने पर सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किए जाने संबंधी बयानों पर भी चिंता जताई।
