जमशेदपुर में निकाय चुनाव की तैयारी तेज, कांग्रेस ने की रायशुमारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।झारखंड में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी जमशेदपुर पहुंचे। जिला कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत रायशुमारी की।
इससे पूर्व कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भूपेंद्र मरावी का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के साथ मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि सुधा गुप्ता ने मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रायशुमारी के दौरान प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलते हुए संगठन की स्थिति पर चर्चा की और सभी से अपने विचार साझा करने को कहा। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आने वाले चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि जमशेदपुर क्षेत्र में मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया नगर निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इन चुनावों को लेकर तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ है, क्योंकि मामला फिलहाल हाई कोर्ट में विचाराधीन है।
इधर, तिलक पुस्तकालय में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी सुधा गुप्ता का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में नई ऊर्जा देखने को मिली।

