राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा पुलिस-पब्लिक संबंधों को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीपीओ ने लंबित अपराध कांडों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कुर्की-जब्ती एवं वारंटों का निष्पादन अभियान चलाकर किया जाए तथा न्यायालय से वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।
उन्होंने थाना प्रभारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया। क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, असामाजिक एवं अनैतिक क्रियाकलापों, गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा गया।
एसडीपीओ ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मौके पर नीमडीह थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा, चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

