रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
राष्ट्र संवाद संवादाता
इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल बम हमले के आरोप में गिरफ्तार आरोपी कोतवाली थाना की हाजत से फरार हो गया था। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
छापेमारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस का दावा है कि आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था। फिलहाल घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

