राष्ट्र संवाद संवाददाता
कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरूडीह पंचायत में अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने अवैध शराब निर्माण केंद्र को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री नष्ट कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसपी के निर्देश पर कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में शनिवार सुबह में बुरूडीह पंचायत स्थित नदी किनारे नया घाट एवं नई पुलिया के समीप औचक छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर नष्ट कर दिया। साथ ही, देशी शराब बनाने में उपयोग की जा रही दो अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया। छापेमारी अभियान में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, एसआई राम दयाल उरांव समेत कई सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

