पीएम आवास लाभुकों को 15 जून से पहले मिलेगी फ्लैट की चाबी
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने सरयू राय को दिया आश्वासन, 1 जून का अनशन स्थगित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/रांची। बिरसानगर में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के लाभुकों को 15 जून 2026 से पहले उनके आवंटित फ्लैटों की चाबी सौंप दी जाएगी। यह आश्वासन नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक सरयू राय को दिया है।
मंत्री के आश्वासन के बाद सरयू राय ने 1 जून को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित अनशन कार्यक्रम स्थगित कर दिया है तथा इसकी जानकारी लाभुकों को भी दे दी गई है।
सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास के लाभुक तीन वर्ष पहले ही अपनी हिस्सेदारी का भुगतान कर चुके हैं। कई लाभुकों ने बैंक से ऋण लेकर राशि जमा की है, लेकिन अब तक उन्हें फ्लैट की चाबी नहीं मिली है। इससे वे एक ओर हाउसिंग लोन की किस्त और ब्याज चुका रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि लाभुकों की समस्या से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नगर विकास मंत्री को अवगत कराया गया था। शनिवार को रांची में हुई वार्ता के दौरान मंत्री ने अतिरिक्त 15 दिनों का समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि हर हाल में 15 जून से पहले फ्लैटों की चाबी सौंप दी जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन पर विश्वास जताते हुए सरयू राय ने अपना प्रस्तावित अनशन स्थगित कर दिया।

