अड्डेबाजी के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस का विशेष अभियान, 172 लोगों का सत्यापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 49 चिन्हित स्थानों पर जांच की गई, जिसमें 172 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन वाहनों का चालान भी काटा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर अंकुश लगाने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

