संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर कांग्रेस का जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक कार्यान्वयन बैठक शनिवार को तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला महामंत्रियों एवं प्रखंड संगठन प्रभारियों के साथ संगठन विस्तार और विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने सभी प्रखंड प्रभारियों को धरातल पर संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी बूथों पर BLA-2 का गठन शीघ्र पूरा किया जाए तथा मतदाता सूची सत्यापन कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई जाए। उन्होंने प्रत्येक माह प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित करने, पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन और नुक्कड़ सभाएं आयोजित करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी प्रखंड संगठन प्रभारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और निर्धारित दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने किया। बैठक में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

