बागबेड़ा कॉलोनी में अनियमित बिजली आपूर्ति पर पंचायत समिति सदस्य ने सौंपा मांग पत्र, अभियंता ने दिया सुधार का आश्वासन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पिछले एक सप्ताह से बागबेड़ा कॉलोनी में हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने शनिवार को विद्युत कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक को मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में कहा गया कि बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के विद्युत उपभोक्ता शत-प्रतिशत बिजली बिल जमा करते हैं। इसके बावजूद गर्मी के मौसम में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 3 के ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने के कारण बार-बार विद्युत तार जल जा रहा है। इससे स्थानीय उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
मामले की जानकारी लेने के बाद विद्युत कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक ने कहा कि पिछले तीन दिनों से कुछ तकनीकी खराबी के कारण अनियमित रूप से बिजली आपूर्ति हो रही थी। अब धीरे-धीरे सुधार कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 3 के उपभोक्ताओं की समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह के अंदर कमर तार लगाया जाएगा, ताकि तार जलने की समस्या खत्म हो सके।

