जामताड़ा में हर शनिवार चलेगा पंचायत निरीक्षण अभियान, योजनाओं की होगी जमीनी समीक्षा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए 16 मई से प्रत्येक शनिवार पंचायत निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि यह अभियान जिले के सभी छह प्रखंडों के 118 पंचायतों में 24 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार संचालित होगा। इसके तहत प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारी अपने सहयोगी अधिकारियों के साथ पंचायतों का दौरा कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति, जनसमस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेंगे।
अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पीडीएस दुकानों, मनरेगा योजनाओं, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों और पंचायत सचिवालयों की जांच की जाएगी। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर विकास योजनाओं की बेहतर रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अभियान का उद्देश्य त्रुटियां ढूंढना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति समझकर साक्ष्य आधारित योजना निर्माण करना है। अधिकारियों को सामुदायिक पुस्तकालयों को सक्रिय बनाने, शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और योजनाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के प्रथम चरण में 16 मई को जिले के विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण किया जाएगा, जिसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

