विधायक सरयू राय के निर्देश पर मुकुल मिश्रा ने लिया छठ घाटों की सफाई व्यवस्था का जायजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर ।विधायक सरयू राय के निर्देश पर जमशेदपुर पश्चिम के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को सोनारी दोमुहानी से लेकर कपाली तक के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने घाटों की साफ-सफाई, सुलभ मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। मिश्रा ने बताया कि जमशेदपुर अक्षेस के सिटी मैनेजर एवं उनकी टीम घाटों की सफाई और पहुंच मार्गों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। जहां भी तैयारी में कमी दिखी, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर दोमुहानी से कपाली तक सभी घाटों की मरम्मत और सफाई पूरी कर ली जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में विनोद सिंह, काजल चौधरी, रंजीत प्रसाद, सुप्रियो घोष, प्रवीण पांडे, श्याम रंजन मंडल, उत्तम दास, अतुल सिंह और बाबू सिंह सरदार सहित कई लोग मौजूद थे।

