सावन की पहली सोमवारी पर बाबा नगरी में भक्तों का सैलाब, बोल बम के नारों से गूंज उठा देवघर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आज सावन माह की पहली सोमवारी है और देवाधिदेव महादेव की नगरी देवघर शिवभक्त काँवड़ियों से खचाखच भरी हुई है। पूरा शहर केसरिया रंग में रंग चुका है और वातावरण ‘बोल बम’ तथा ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा है।
आधी रात से ही श्रद्धालु करीब 7 किलोमीटर लंबी कतार में लगकर बाबा बैधनाथ को जल अर्पित करने को आतुर नजर आए। बाबा मंदिर में इस वर्ष काँवड़ियों को सुलभ और व्यवस्थित जलार्पण कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

रातभर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित तमाम अधिकारी दोपहिया वाहनों पर सवार होकर व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। सोमवार सुबह जैसे ही बाबा बैधनाथ मंदिर के गर्भगृह का पट खुला, वैसे ही लगभग 109 किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर देवघर पहुंचे काँवड़ियों के चेहरों पर भक्ति का उत्साह और थकान से परे ऊर्जा देखने लायक थी।

काँवड़ियों की सुरक्षा और सुचारु जलार्पण के लिए भारी संख्या में पुलिसबल के साथ मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि सावन की पहली सोमवारी को लेकर इस बार बैधनाथ धाम में करीब ढाई लाख काँवड़ियों के जलार्पण की संभावना है।

बाबा नगरी की फिजाओं में आज आस्था, श्रद्धा और भक्ति की ऐसी गूंज है जो हर भक्त के मन को शिवमय कर रही है।

