स्व. के.के. सिंह की जयंती पर 28 जून को रेड क्रॉस भवन में लगेगा रक्तदान शिविर, समाज के लोगों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ब्रह्मर्षि विकास मंच के संस्थापक अध्यक्ष, प्रख्यात समाजसेवी एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के पेट्रोन स्वर्गीय के.के. सिंह की जयंती के अवसर पर 28 जून 2026 (रविवार) को साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से स्व. के.के. सिंह को रक्तदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
ब्रह्मर्षि विकास मंच के पूर्व अध्यक्ष विकास सिंह एवं संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह ने समाज के सभी प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं रक्तदाताओं से इस पुनीत रक्तदान महायज्ञ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि स्व. के.के. सिंह का संपूर्ण जीवन समाजसेवा और मानवता की सेवा को समर्पित रहा। उनकी जयंती पर रक्तदान कर न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में ब्रह्मर्षि विकास मंच द्वारा इसी अवसर पर स्वतंत्र रूप से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता था। कुछ अपरिहार्य कारणों से पिछले कुछ वर्षों में यह संभव नहीं हो सका। अब मंच की नई कमेटी का गठन हो चुका है और भविष्य में इस कार्यक्रम को मंच के तत्वावधान में और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया गया है।
जमशेदपुर रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि प्रभु नाथ सिंह ने भी सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन बन सकता है। उन्होंने सभी लोगों से 28 जून को रेड क्रॉस भवन, साकची पहुंचकर इस मानवीय अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।

