पुलिस सभा में जवानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, एसपी ने दिया समाधान का भरोसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: पुलिस केंद्र, चतरा में शनिवार को पुलिस सभा का आयोजन किया गया। इसमें जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। सभा का मुख्य उद्देश्य जवानों की समस्याओं को सुनना और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक पहल करना था। सभा के दौरान पुलिसकर्मियों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं, कठिनाइयां और सुझाव पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के समक्ष रखे। एसपी ने सभी की बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान चतरा जिला बल के साथ-साथ आईआरबी-03 के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सामूहिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जवानों ने आवास, स्वास्थ्य, ड्यूटी रोस्टर और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों से अधिकारियों को अवगत कराया। एसपी ने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर देखने की बात कही।

