सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय प्रसार कार्यशाला का आयोजन, अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्य करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: सुशासन सप्ताह “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत आज 23 दिसंबर 2025 को समाहरणालय सभागार, जामताड़ा में जिला स्तरीय प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला परिवहन पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी सीपीग्राम, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सुशासन देश की प्रगति की कुंजी है। “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम का उद्देश्य शासन को गांवों और आम नागरिकों के नजदीक लाना है, ताकि सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत मौके पर ही शिकायतों का निवारण, सीपीग्राम एवं राज्य पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाना है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उनका उसी दिन निष्पादन करें तथा अन्य मामलों का निश्चित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि न केवल सुशासन सप्ताह के दौरान, बल्कि वर्ष के सभी दिनों में अधिकारी आम लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और समय पर निष्पादन करें।
कार्यशाला में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम से संबंधित जानकारी, उपलब्धियों एवं किए जा रहे कार्यों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं समाहरणालय संवर्ग के कर्मी उपस्थित रहे।

