कुंडहित में उपायुक्त ने लगाया कैंप, कार्यालय में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को कुंडहित प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कैंप कार्यालय का आयोजन कर करीब 100 ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी शिकायतों पर संवेदनशीलता से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कैंप में अधिकांश आवेदन पशु शेड और आवास से जुड़े थे। इसी दौरान तीन लाभुक — श्रीमती वीथिका साहा, सुमेना बीवी और एक अन्य ग्रामीण को ऑन स्पॉट सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ते हुए स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि अगले महीने से उनके खाते में पेंशन की राशि आने लगेगी।
ग्रामीणों ने बिजली कनेक्शन, बीज आपूर्ति, चापाकल मरम्मती, भूमि विवाद, दिव्यांग प्रमाणपत्र और आपदा राहत जैसी समस्याएं भी रखीं। इसके अलावा ग्रीन पॉली हाउस योजना में बिचौलियों की भूमिका की शिकायत पर उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लिया और विगत 5 वर्षों की योजनाओं की स्थलीय जांच कराने व दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड स्तर पर कैंप कार्यालय आयोजित करने का उद्देश्य यही है कि सुदूरवर्ती गांवों के लोग बिना खर्च और बिना कठिनाई अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुँचा सकें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले रजा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

