कुंडहित प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार, विभिन्न समस्याओं का हुआ त्वरित निष्पादन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर कुंडहित प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा की देखरेख में जनता दरबार कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न पंचायतों से ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सामाजिक सुरक्षा से जुड़े 26 मामले दर्ज हुए। इनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित एक आवेदन दर्ज हुआ, जिसे तत्काल निपटाया गया। वहीं आपूर्ति विभाग से जुड़े 2 आवेदन भी आए, दोनों का ही समाधान कर दिया गया। इस प्रकार कैंप में कुल 8 मामलों का त्वरित निष्पादन हुआ। शेष आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य है कि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो और उन्हें प्रखंड स्तर पर ही राहत मिले। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की शीघ्र जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने जनता दरबार की पहल की सराहना की और कहा कि इससे आम जनता की समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचती हैं और त्वरित समाधान संभव होता है।

