कुंडहित प्रखंड में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर BLBC की बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड कार्यालय में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को सफल बनाने के उद्देश्य से BLBC की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा ने की। इस दौरान किसानों को योजना से अधिकतम लाभ दिलाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बीमा योजना की प्रक्रिया, किसानों के पंजीकरण, प्रीमियम भुगतान, फसल क्षति की स्थिति में दावा दाखिल करने की प्रक्रिया तथा समयसीमा को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ा जाए, ताकि फसल क्षति की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को योजना के लाभ और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, समय पर दस्तावेजों की जांच और ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर प्रखंड के कृषि पदाधिकारी , बैंक कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।

