बिक्रमपुर में 11 केविए बिजली के झूलते तार से खतरे की आशंका, ग्रामीणों में दहशत
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के बिक्रमपुर में बिक्रमपुर-काठीजोरिया पुलिया के सामने 11 केवीए का बिजली का तार झूलने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण तार काफी नीचे लटक गया है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है।खेत में तार झूलने से खासकर किसान चिंतित है।ग्रामीणों ने बताया तार काफी नीचे झूल रहा है। बरसात में इसकी चपेट में आने से कभी भी हादसा हो सकता है।ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर झूलते तार की मरम्मत करे और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करे। अगर समय रहते विभाग ने ध्यान नहीं दिया, तो किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।गौरतलब है कि मामले की जानकारी राष्ट्र संवाद ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता रफीक आलम को दिया है। अब देखना दिलचस्प रहेगा कि समस्या का समाधान कब तक हो रहा है?

