आदिवासी बाहुल्य गांवों को कलस्टर में चिन्हित करते हुए प्रत्येक गांवों में आदि सेवा केंद्र की होगी स्थापना
राष्ट्र संवाद सं
आज दिनांक 20.08.2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के तहत आदिवासी समुदाय के समग्र विकास एवं सशक्त बनाने तथा इस समुदाय के अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य आदिवासी नेतृत्व को सशक्त बनाना है, साथ ही हर परिवार तक शीघ्रता से सेवाएं पहुंचाना है। बताया कि यह तीन स्तंभों पर आधारित है, आदि कर्मयोगी (सरकारी अधिकारी), आदि सहयोगी (युवा, शिक्षक, डॉक्टर) और आदि साथी (स्वयंसेवक, बुजुर्ग)। उपायुक्त ने बताया कि इसके लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्य उत्तरदायी, पारदर्शी और जवाबदेह शासन को बढ़ावा देना, निचले स्तर से ऊपर की ओर परिकल्पना (विजनिंग) और सहभागी योजना को सुगम बनाना, सक्रिय शिकायत निवारण और प्रतिक्रिया प्रणालियों को संस्थागत बनाना, केन्द्र और राज्य योजनाओं के सहयोगात्मक कार्यान्वयन को सक्षम बनाना, विकसित भारत @2047 के अनुरूप सूक्ष्म स्तरीय विजनिंग अभ्यासों को आगे बढ़ाना, बस्ती से लेकर राज्य तक बहुस्तरीय नेतृत्व संरचना स्थापित करना, अभिसरण के माध्यम से अंतिम छोर तक पहुँच सुनिश्चित करना (जैसे पीएम-जनमन, धरती आबा अभियान, सिकल सेल मिशन, ईएमआरएस, छात्रवृत्तिया आदि) उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए आदिवासी बाहुल्य गांवों को क्लस्टर में चिन्हित करते हुए प्रत्येक आदिवासी बाहुल्य गांवों में आदि सेवा केन्द्र स्थापित किये जायेंगे। ये केन्द्र लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान होगा। इन केन्द्रों की स्थापना प्रत्येक चयनित गांवों में की जाएगी। आदि सेवा केन्द्र, आदि कर्मयोगी अभियान का एक अभिन्न अंग है, जो सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद करेगा। इन केन्द्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आदि कर्मयोगी अभियान के निमित्त क्लस्टर एवं आदि सेवा केन्द्रों को नामित करते हुए तत्संबंधी प्रतिवेदन जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं, साथ ही प्रशिक्षण आदि बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
_*इस मौके पर*_ उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी श्री अनंत कुमार के अलावा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

