कुंडहित:फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम (MDA-IDA) के तहत कुंडहित प्रखंड सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा ने की। प्रशिक्षण का उद्देश्य फाइलेरिया जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसे जड़ से समाप्त करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य संबंधित कर्मियों को सही दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा ने दीप प्रज्वलन कर की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया एक ऐसी बीमारी है जो मच्छर के काटने से फैलती है और इससे प्रभावित व्यक्ति का जीवन बहुत कष्टप्रद हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी को सामूहिक दवा सेवन अभियान (MDA-IDA) के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को निर्धारित मात्रा में दवा दी जाती है।
प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने फाइलेरिया के लक्षण, बचाव, और दवा सेवन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम फाइलेरिया के उन्मूलन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

