नाला विधानसभा: बिक्रमपुर गांव के वरिष्ठ झामुमो नेता आमिरुद्दीन खान ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि
गुरुजी ने झारखंड राज्य के निर्माण के लिए जो संघर्ष किया, वह इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा:आमिरुद्दीन खान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिक्रमपुर गांव के वरिष्ठ व कद्दावर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता आमिरुद्दीन खान ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता और झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन न केवल एक राजनेता थे, बल्कि एक युगदृष्टा थे, जिन्होंने आदिवासी, दलित और पिछड़े समाज के हक व अधिकार के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
आमिरुद्दीन खान ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिशोम गुरु का जाना झारखंड की आत्मा के एक स्तंभ के टूटने जैसा है। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने झारखंड राज्य के निर्माण के लिए जो संघर्ष किया, वह इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। झारखंड की पहचान, उसकी संस्कृति और उसके अस्तित्व को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में उनकी भूमिका अमिट है।
आमिरुद्दीन खान ने गुरुजी के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलें और झारखंड के समग्र विकास में भागीदारी निभाएं।

