सड़क मरम्मत में लापरवाही: राष्ट्र संवाद के पत्रकार निजाम की चेतावनी सही साबित हुई
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: किष्टोपुर से सटकी तक लगभग 8 किलोमीटर की मुख्य सड़क की मरम्मत को पूरा हुए अभी डेढ़ साल भी नहीं बीता, लेकिन सड़क जगह-जगह से टूटने लगी है। गड्ढों और दरारों से भरी यह सड़क अब आवागमन के लिए परेशानी का सबब बन गई है। यह वही सड़क है, जिसकी मरम्मत के दौरान राष्ट्र संवाद के पत्रकार निजाम खान ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
मरम्मत कार्य के समय ही निजाम खान ने सड़क की सतह की मोटाई, सामग्री की गुणवत्ता,पीचींग और रोलरिंग की प्रक्रिया पर गंभीर आपत्तियां दर्ज की थीं। उन्होंने निर्माण स्थल से वीडियो रिपोर्ट और तस्वीरें जारी कर दावा किया था कि ठेकेदार की लापरवाही से निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है।
अब सड़क की खस्ता हालत ने पत्रकार की बात को सही साबित कर दिया है। ग्रामीणों में भी भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है, हमें हर दिन इन गड्ढों से जूझना पड़ रहा है।”
ग्रामीणों ने मांग की है कि मरम्मत कार्य में हुई गड़बड़ी की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। वहीं पत्रकार निजाम खान का कहना है कि “जनहित से जुड़ी खबरों को उठाना हमारा कर्तव्य है, लेकिन जब तक जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक ऐसी लापरवाहियाँ होती रहेंगी।”
यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि समय पर सवाल उठाना जरूरी है, लेकिन उससे भी जरूरी है कि उन सवालों पर गंभीरता से कार्रवाई हो।

