बिस्टुपुर खाओ गली में फायरिंग, विधायक प्रतिनिधि को मारी गोली
समरेश गुड्डू घायल, टीएमएच में भर्ती, बाजार में मची अफरा-तफरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के खाओ गली में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह गुड्डू को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब समरेश गुड्डू अपने परिवार के साथ खाओ गली में नाश्ता कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक फायरिंग की और समरेश को गोली मारकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में समरेश गुड्डू को तत्काल टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घायल की पहचान गुड्डू उर्फ रमेश सिंह के रूप में हुई है, जो विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि हैं। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी एवं सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
इस सनसनीखेज वारदात से खाओ गली क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

