महेशपुर में भव्य मोहर्रम अखाड़ा: सौहार्द और परंपरा का अद्भुत संगम
राष्ट्र संवाद सं
महेशपुर, जामताड़ा: पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए महेशपुर में एक भव्य मोहर्रम अखाड़ा खेल का आयोजन किया गया। इस आयोजन की अगुवाई तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जिला अध्यक्ष मुस्ताक सेख ने की। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ आस-पास के गांवों से भी हजारों की संख्या में लोग उमड़े, जिन्होंने उत्साह और श्रद्धा के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन में भाग लिया।

मौके पर टीएमसी जिलाध्यक्ष ने कहा मोहर्रम अखाड़ा खेल केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और शौर्य प्रदर्शन का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने पारंपरिक हथियारों और करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर ताजियों की शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और अलम का प्रदर्शन वातावरण को भावनात्मक और उल्लासपूर्ण बना रहा।
टीएमसी जिला अध्यक्ष मुस्ताक सेख ने कहा, “यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हमें गर्व है कि इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से साम्प्रदायिक सौहार्द को मजबूती मिलती है और सामाजिक समरसता बढ़ती है।
आयोजन में हिन्दू-मुस्लिम समुदायों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि विविधता में ही हमारी एकता है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महेशपुर का यह मोहर्रम अखाड़ा खेल न केवल एक धार्मिक आयोजन था, बल्कि यह आपसी भाईचारे, परंपरा और सामाजिक एकता की मिसाल बन गया।

